किडनैपिंग की आशंका पर सिरसा निवासी दो भाई गिरफ्तार:फतेहाबाद पुलिस पकड़ कर लाई; पैसों के लेनदेन का चल रहा विवाद
जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग
(सिरसा,हरियाणा):-फतेहाबाद की भूना थाना पुलिस ने किडनैपिंग के शक में सिरसा निवासी दो सगे भाईयों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों भाईयों की पहचान गांव खाजाखेड़ा निवासी अशोक कुमार व अनिल कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि गांव दहमान निवासी लक्ष्मण दास यादव ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनका बेटा विजेंद्र यादव अपने ड्राइवर सुशील कुमार के साथ कार में चंडीगढ़ से घर आ रहा था। विजेंद्र की पत्नी से उसकी अंतिम बार बात हुई थी।
30 अगस्त से फोन आ रहे बंद
विजेंद्र ने अपनी पत्नी को बताया था कि वह घर से लगभग 10 किलोमीटर दूर है और 10–15 मिनट में पहुंच जाएगा। मगर कुछ देर बाद विजेंद्र और ड्राइवर दोनों के मोबाइल नंबर स्विच ऑफ हो गए। उसी समय से दाेनों के फोन बंद आ रहे हैं। परिजनों ने भी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
पहले भी सिरसा क्षेत्र के युवक आकर दे गए थे धमकी लक्ष्मण दास ने आशंका जताई कि विजेंद्र का कुछ लोगों से पैसों का लेन-देन चल रहा था और पहले भी सिरसा क्षेत्र के कुछ युवक उनके घर आकर धमकी दे चुके थे। उन्हीं लोगों के द्वारा विजेंद्र का अपहरण करने की आशंका जताई गई। शिकायत के आधार पर 30 अगस्त को केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।