फतेहाबाद में अवैध पिस्टल समेत युवक अरेस्ट:पुलिस को देखकर पुल के नीचे छिपने की कोशिश, सिरसा का रहने वाला
जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग
(सिरसा,हरियाणा):-फतेहाबाद पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने सिरसा निवासी युवक को अवैध पिस्टल समेत गिरफ्तार किया है। युवक के पास से प्वाइंट 32 बोर की अवैध पिस्तौल बरामद की गई है। पुलिस को देखकर युवक छुपने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
एएनसी प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि एएसआई मेजर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव धांगड़ से फतेहाबाद की ओर गश्त करते हुए आ रही थी। जब टीम बाइपास पुल के नीचे पहुंची, तो एक युवक पुलिस की गाड़ी को देखकर पिलर के पीछे छिपने लगा। संदेह के आधार पर युवक को काबू कर लिया। इसके बाद उसकी तलाश ली गई।
गांव रामपुरा ढिल्लो का निवासी
पूछताछ में युवक की पहचान सिरसा जिले के गांव रामपुरा ढिल्लो निवासी राहुल उर्फ लक्की के रूप में हुई है। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके लोअर की जेब से 32 बोर की एक अवैध पिस्तौल बरामद हुई। हथियार के लाइसेंस के बारे में पूछे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
प्रहलाद सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सदर थाना फतेहाबाद में आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उससे पूछताछ की जाएगी कि वह यह अवैध पिस्तौल कहां से और किस लिए लेकर आया।