डेरा जगमालवाली के संत बिरेंद्र सिंह जी ने ब्यास डेरामुखी गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी से की शिष्टाचार मुलाक़ात

जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग

(सिरसा,हरियाणा):- कालांवाली।डेरा जगमालवाली के संत बिरेन्द्र सिंह ने आज मंगलवार को फ़ाज़िल्क़ा के लाधुका मंडी में ब्यास डेरामुखी गुरिंदर सिंह ढिल्लों से शिष्टाचार मुलाक़ात  की| इस मुलाक़ात के दौरान दोनों के बीच पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को लेकर काफ़ी चर्चा हुई | प्रभावित लोगों को और अधिक मदद पहुँचाने के साथ ही डेरा जगमालवाली के संत ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के बारे में भी पूज्य महाराज के साथ विस्तार से बातचीत की है। बाढ़ ने किस तरह लोगों को प्रभावित किया है, की जानकारी भी सांझा की | संत बिरेन्द्र सिंह ने बताया कि बाढ़ की वजह से हालात इतने ख़राब हुए कि लोगों को अपने घरों को छोड़कर राहत कैंपों में शरण लेनी पड़ी है | कृषि और पशु धन की भी बहुत हानि हुई है |


मुलाक़ात के दौरान संत बिरेंद्र सिंह  ने बताया कि हालात अभी पूरी तरह सामान्य होने में समय लगेगा। उन्होंने संगत और समाज के सभी वर्गों से अपील की कि बाढ़ पीड़ितों की मदद में और अधिक सक्रियता दिखाई जाए, ताकि कोई भी परिवार सहायता से वंचित न रहे।
संत गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी ने भी इस आपदा की घड़ी में पीड़ित परिवारों की सेवा को सर्वोच्च धर्म बताया और संगत को प्रेरित किया कि मानवता की सेवा में कोई कमी न रह पाए ।


गौरतलब है कि डेरा जगमालवाली के संत बिरेंद्र सिंह पिछले दस दिनों से  फ़ाज़िल्का क्षेत्र के प्रभावित गाँवों में जाकर लोगों के दुख-दर्द साँझा कर रहे हैं। 
डेरा जगमालवाली के सेवादार टीमें बनाकर दिन-रात राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। अब तक पाँच स्थानों पर राहत सहायता केंद्र बनाए गए हैं, जहां बाढ़ पीड़ितों को राशन, कपड़े, दवाइयाँ और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। डेरा जगमालवाली की ओर से गांव-गांव जाकर राहत सामग्री बाँटी जा रही है | डेरे के साथ मिलकर भी अनेक सामाजिक संगठन बाढ़ प्रभावित लोगों को मदद पहुंचा रहे हैं |