डबवाली में फर्जी नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़:ट्रस्ट में काउंसलिंग की आड़ में अवैध कारोबार, सीएम फ्लाइंग की रेड

जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग

(सिरसा, हरियाणा): हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली में सीएम फ्लाइंग और सीआईडी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। प्रेम नगर की रिहायशी कालोनी में स्थित न्यू लाइफ रिहैबिलिटेशन ट्रस्ट पर छापेमारी की गई। यहां नशा पीड़ितों को अवैध रूप से रखा जा रहा था। सीएम फ्लाइंग से इंस्पेक्टर सुनैना, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. हरसिमरन और ड्यूटी मजिस्ट्रेट विशाल ज्यानी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

सभी रिकॉर्ड और जानकारियां जुटाई

मामले में शहर थाना पुलिस ने भी सहयोग किया। जांच में पाया गया कि ट्रस्ट के संचालक निहाल सिंह नशा पीड़ितों को रखने का अवैध व्यापार कर रहे थे। छापेमारी के समय केंद्र में नशा पीड़ितों के साथ कर्मचारी भी मौजूद थे। सीएम फ्लाइंग की जांच में सामने आया कि यहां काउंसलिंग की आड़ में नशा पीड़ितों को रखा जा रहा था। ट्रस्ट संचालक का कहना है कि वे केवल परामर्श सेवाएं देते हैं। टीम ने सभी रिकॉर्ड और जानकारियां जुटाई हैं।

फ्लाइंग और पुलिस की कार्रवाई जारी

इससे पहले भी डबवाली क्षेत्र में अवैध नशा मुक्ति केंद्रों पर छापेमारी की गई थी। वहां से नशा पीड़ितों को मुक्त कराया गया था। जांच टीम का कहना है कि यह केंद्र नशा पीड़ितों के नाम पर अवैध व्यापार का अड्डा बन गया था। फिलहाल सीएम फ्लाइंग और शहर थाना पुलिस की कार्रवाई जारी है।