पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर आईपीएस ने ज्वैलर्स व आढ़तियों के साथ सुरक्षा के मापदंडों के बारे में चर्चा कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश

जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग

(सिरसा, हरियाणा):डबवाली । अपराधों और अपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए आमजन और पुलिस प्रशासन को मिलकर काम करना होगा । पुलिस अपना काम कर रही है इसके साथ-साथ आमजन का सहयोग मिले तो अपराधों को रोकना और भी आसान होगा । ये बातें वीरवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर आईपीएस ने जिला के ज्वैलर्स एसोसिएशन व आढ़तियों के साथ सुरक्षा के मानकों पर चर्चा करते हुए  बैठक के दौरान कही । पुलिस अधीक्षक ने बैठक में अपील करते हुए कहा कि ज्वैलर्स शॉप व आढ़ती की दुकान पर पुलिस विभाग के महत्वपूर्ण नंबरों की सूची जरूर लगवाएं । इसके साथ ही ज्वैलर्स व आढ़ती अपने अपने कार्यस्थल पर हाई रेज्युलेशन के कैमरे लगवाए जिसमें ज्यादा से ज्यादा दिनों की रिकॉर्डिंग सेव रह सके । कैमरों की फुटेज साफ हो जिससे अपराधियों की पहचान करने तथा उनको पकड़ने मे आसानी होगी । 
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए ज्वैलर्स व अन्य व्यापारियों का सहयोग बेहद जरूरी है । ज्वैलर्स शॉप व आढ़ती की दुकान पर कार्यरत कच्चे कर्मचारियों तथा चौकीदार की पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं । ज्यादा कैश लाने ले जाने पर पुलिस कंट्रोल रूम में सूचित करें ताकि सुरक्षा व्यवस्था समय पर उपलब्ध करवाई जा सके । पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने कहा कि वर्तमान समय नई तकनीक का है । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रायः देखने में आता है कि प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का एंगल सिर्फ सुरक्षा के मध्यनजर उनके दुकान तक सीमित रहता है । उन्होंने सभी से उच्च तकनीक वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने व उनकी कवरेज प्रतिष्ठान के मुख्य सड़क पर रखने की भी अपील की । उन्होंने कहा कि जिला पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर और बेहतर सेवा देने के लिए सदैव तत्पर है ।