रानियां में नगरपालिका कर्मचारियों ने की भूख हड़ताल:मांगों को लेकर विरोध, 9 जुलाई को प्रदेश स्तरीय हड़ताल का ऐलान

जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग 

(सिरसा , हरियाणा) : हरियाणा के सिरसा जिले के रानियां में नगरपालिका कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। नगरपालिका परिसर में सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान सोमपाल समेत पांच कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। हड़ताल पर बैठे अन्य कर्मचारियों में सज्जन कुमार, सुखविंदर पाल, अनूप कुमार और अमित कुमार शामिल हैं।

बेसिक सैलरी 27 हजार की मांग

प्रधान सोमपाल के अनुसार सरकार ने 7 अगस्त 2024 को उनकी मांगें मान ली थी, लेकिन अभी तक उन्हें लागू नहीं किया गया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पैरोल कर्मचारियों को स्थायी करना शामिल है। डोर टू डोर कर्मचारियों को पैरोल पर लेना और कच्चे कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 27 हजार रुपए करना भी मांगों में शामिल है।

महासंघ ने की बैठक

अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ ने 15 मई 2025 को बैठक की थी। इसमें 20 मई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया गया था। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने देश के मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया। सरकार द्वारा मांगें पूरी न करने पर कर्मचारियों ने 9 जुलाई को प्रदेश स्तरीय हड़ताल का ऐलान किया है। कर्मचारी नेताओं ने कहा है कि इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।