वर्क फ्रॉम होम और नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी से सावधान रहें: एसपी जसलीन कौर
सम्पादक रितेश गर्ग (डबवाली):- पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में डबवाली पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम और नौकरी दिलाने के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साइबर ठग आकर्षक वेतन, घर बैठे काम और तुरंत नियुक्ति का झांसा देकर युवाओं तथा नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं।
साइबर अपराध शाखा प्रभारी एवं पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी नियुक्ति पत्र, नकली कंपनी प्रोफाइल और HR अधिकारी बनकर फोन कॉल, व्हाट्सऐप तथा ईमेल के माध्यम से लोगों से संपर्क करते हैं। इसके बाद नौकरी पक्की करने, रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग, दस्तावेज सत्यापन या सिक्योरिटी फीस के नाम पर पैसे जमा करवाने की मांग करते हैं। कई मामलों में ठग फर्जी कंपनी वेबसाइट और दस्तावेजों के जरिए भरोसा जीतकर पीड़ितों से रकम ऐंठ लेते हैं।
उन्होंने बताया कि नौकरी के नाम पर किसी भी व्यक्ति या कंपनी को पैसे भेजने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और ईमेल डोमेन की पुष्टि करें तथा नियुक्ति पत्र और HR प्रोफाइल का सत्यापन संबंधित कंपनी के आधिकारिक संपर्क माध्यम से करें। अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने या ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी और अन्य निजी विवरण साझा करने से बचें। अत्यधिक वेतन, बिना साक्षात्कार नौकरी और तुरंत भुगतान के दबाव जैसे संकेतों को गंभीरता से लें।
डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वर्क फ्रॉम होम या नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग अथवा सिक्योरिटी फीस देने से पहले पूरी जांच करें। यदि कोई व्यक्ति नौकरी के नाम पर ठगी करता है, तो वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें तथा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल 112 का उपयोग करें। डबवाली पुलिस का संदेश है—नौकरी के आकर्षक ऑफर पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, पहले सत्यापन करें और साइबर ठगी से सुरक्षित रहें।