इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद की बड़ी कार्रवाई : फ्रॉड मनी सर्कुलेशन प्रकरण में एक और आरोपी काबू
– अब तक कुल 10 आरोपी गिरफ्तार, आरोपी से पूछताछ जारी , लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला
जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग
(फतेहाबाद ,हरियाणा):- रतिया। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में आर्थिक अपराधों और निवेश धोखाधड़ी के मामलों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद पुलिस ने एक अन्य सह-आरोपी को काबू किया है। आरोपी की पहचान राजकुमार उर्फ राज सिंगला पुत्र सीता राम निवासी वार्ड नं. 17, नहर कॉलोनी, रतिया के रूप में हुई है। इससे पहले इसी मामले में 9 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने जानकारी दी कि यह मामला फ्रंटलाइन कंसल्टेंसी एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी, गांव सहनाल (रतिया) से संबंधित है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को “एक महीने में पैसा दोगुना करने” का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी की गई थी।
शिकायतकर्ता अमरीक सिंह पुत्र पूर्ण चंद निवासी गांव सहनाल, तहसील रतिया ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि कंपनी संचालक डॉ. सुखदेव सिंह पुत्र शीशपाल और उनके एजेंटों ने ग्रामीणों से निवेश के नाम पर लाखों रुपये वसूले। शिकायतकर्ता से भी 3 लाख रुपये की राशि “निवेश दोगुना योजना” के नाम पर ली गई थी। जब शिकायतकर्ता ने अपनी राशि वापस मांगी, तो आरोपी और उसके सहयोगियों ने न केवल भुगतान से इंकार किया, बल्कि गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर थाना सदर रतिया पुलिस ने जांच के बाद पाया कि आरोपियों ने लोगों से ठगी कर लगभग 40 से 50 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की है। इस पर थाना सदर रतिया में मुकदमा नंबर 67 दिनांक 16.04.2025 दर्ज कर धारा 318(4), 316(2), 351(2), 351(3), 61(2) BNS तथा 4, 5, 6 PCMCS Act 1978 के तहत मामला दर्ज किया गया।
अब इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर सह-आरोपी राजकुमार उर्फ राज सिंगला को काबू किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य एजेंटों और संचालकों की भूमिका का भी खुलासा किया जा सके। मामले की नियमानुसार आगे की जांच जारी है।
इकोनॉमिक सेल प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि आर्थिक अपराधों और पोंजी स्कीम जैसी धोखाधड़ी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि ऐसे किसी भी “तेज़ मुनाफे के झांसे” में न आएं और किसी भी संदिग्ध कंपनी या व्यक्ति से निवेश करने से पहले उसकी सत्यता और वैधता की जांच अवश्य करें।