महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, दुष्कर्म व पोक्सो मामले में आरोपी गिरफ्तार
स्टेट हेड रितेश गर्ग (हिसार ,हरियाणा):-हिसार । पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हिसार पुलिस लगातार अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना एचटीएम पुलिस ने दुष्कर्म एवं पोक्सो अधिनियम के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किये गये आरोपी की पहचान मिथुन पुत्र धर्म सिंह निवासी मंगाली झारा जिला हिसार के रुप में हुई है । इस बारे में उप नि. ममता ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना एचटीएम में दर्ज दुष्कर्म एवं पोक्सो अधिनियम के मामले में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से मामले के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है तथा उसे नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच पुलिस द्वारा गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ की जा रही है। पीड़ित पक्ष की गोपनीयता एवं कानूनी अधिकारों का पूर्ण ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध अत्यंत गंभीर प्रकृति के होते हैं और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। हिसार पुलिस प्रत्येक शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। "महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और उन्हें कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।"
हिसार पुलिस आमजन से अपील करती है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पीड़ितों की पहचान एवं सूचना देने वाले की गोपनीयता पूर्ण रूप से सुरक्षित रखी जाएगी।