अवैध हथियार रखने वालों की अब खैर नहीं : CIA हिसार ने दो अवैध पिस्तौल व 2 कारतूस सहित आरोपी को दबोचा
ब्यूरो चीफ रितेश गर्ग (हिसार हरियाणा):- हिसार। पुलिस अधीक्षक हिसार के नेतृत्व में जिले में अपराधियों एवं अवैध हथियार रखने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सी.आई.ए. हिसार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को दो अवैध हथियार एवं 2 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी सीआईए हिसार ने बताया कि एसआई विजय कुमार अपनी टीम के साथ अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान ढढूर पुल के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति को शक के आधार पर काबू किया गया। पूछताछ एवं नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से दो अवैध 315 बोर के हथियार तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मबीर पुत्र बाबू लाल निवासी कुलां, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर हिसार में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-B)(a), 54 एवं 59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चैन, हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों तथा उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक हिसार ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने, प्रदर्शित करने अथवा इनके माध्यम से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। हिसार पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि अवैध हथियारों एवं आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समाज में शांति एवं सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके।