सिरसा में जुए के अड्डे का भंडाफोड़, 5 युवक गिरफ्तार:1.3 लाख कैश बरामद; CIA को देख भागने की थी कोशिश
स्टेट हेड रितेश गर्ग (फतेहाबाद,हरियाणा):- सिरसा जिले की CIA ऐलनाबाद पुलिस ने गांव शेरपुरा क्षेत्र में चल रहे एक जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 3 हजार 200 रुपए कैश और ताश के पत्ते बरामद किए। सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया कि बीती रात गश्त के दौरान थाना डिंग क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, गांव शेरपुरा स्थित एक मकान में बड़े स्तर पर जुआ खिलाया जा रहा था, जहां कई लोग एकत्रित थे। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कैश और ताश के पत्ते बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जयप्रकाश, सतपाल, सुनील (तीनों निवासी गांव बारूवाली), अनिल (निवासी गांव पीली मंदोरी, जिला फतेहाबाद) और राजेंद्र (निवासी गांव डिंग मंडी, जिला सिरसा) के रूप में हुई है।
जुआ अधिनियम में केस दर्ज
CIA ऐलनाबाद प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ थाना डिंग में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस की आमजन से सूचना देने की अपील
जिला पुलिस अपराधियों और गैर कानूनी धंधों में संलिप्त लोगों के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। जिला पुलिस ने आमजन से भी किसी भी प्रकार की गैर कानूनी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।