नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी काबू:जाखल पुलिस ने परिजनों को सौंपी लड़की, जींद का रहने वाला
सहायक सम्पादक रितेश गर्ग (सिरसा हरियाणा):- फतेहाबाद जिले के जाखल थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जींद जिले के धोली निवासी ऋतिक के रूप में हुई है। आरोपी ऋतिक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नाबालिग को उसके अभिभावकों को सौंप दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
आरोपी गिरफ्तार, लड़की को परिजनों के हवाले किया
थाना प्रभारी सुरेश ने बताया कि यह मामला जाखल निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि उसकी 16 वर्षीय बेटी घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शिकायत के आधार पर जाखल थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच के बाद आरोपी को पकड़ा गया और नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।