कालांवाली बिजली घर में स्टाफ की भारी कमी, जनता और विभाग दोनों परेशान

सहायक संपादक रितेश गर्ग

(कालांवाली,सिरसा)।कालांवाली । कालांवाली बिजली घर में व्याप्त समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी कालांवाली मंडल के महामंत्री महेश कुमार आज़ाद ने हरियाणा सरकार के बिजली मंत्री को पत्र लिखकर गंभीर स्थिति से अवगत कराया है। पत्र में बताया गया है कि लगभग 30 हजार की आबादी वाले कालांवाली शहर के साथ-साथ आसपास के कई गांवों की बिजली व्यवस्था इसी बिजली घर पर निर्भर है, लेकिन यहां कर्मचारियों की भारी कमी के चलते उपभोक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
 पत्र में उल्लेख किया गया है कि स्टाफ की कमी के कारण न केवल बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा, बल्कि विभाग को भी राजस्व का नुकसान झेलना पड़ रहा है। इसके साथ ही बिजली विभाग के पोल और ट्रांसफार्मर आदि को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए कोई वाहन उपलब्ध नहीं है। पहले उपयोग में ली जा रही तीन मिनी ट्रक अब पूरी तरह से कंडम हो चुकी हैं, जिससे फील्ड कार्य प्रभावित हो रहा है।

कालांवाली के भाजपा मंडल महा मंत्री महेश कुमार आज़ाद ने मांग की है कि इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बिजली घर में जल्द से जल्द स्टाफ की नियुक्ति की जाए और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।