हिसार में हरियाणा बीज विकास निगम क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ,खेलों से बढ़ती है ऊर्जा और कार्यक्षमता: देव कुमार शर्मा
पत्रकार रितेश् गर्ग
हिसार, 12 फरवरी। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में हरियाणा बीज विकास निगम की ओर से आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में सुपर सीड्स के प्रबंध निदेशक अश्विनी गर्ग तथा कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के पुत्र संजीव गंगवा उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है और स्वस्थ व्यक्ति अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक कुशलता से कर पाता है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में भाग ले रहे निगम के कर्मचारी आज मैदान में पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ नजर आ रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि खेल उम्र की सीमाओं को तोड़ देते हैं। उन्होंने प्रत्येक विभाग में नियमित रूप से खेल गतिविधियां आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों में टीम भावना, ताजगी और कार्यक्षमता बनी रहती है।
सुपर सीड्स के प्रबंध निदेशक अश्विनी गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि खेल आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए टूर्नामेंट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 21 हजार रुपये तथा द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 11 हजार रुपये की नकद राशि देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त सभी खिलाड़ियों के लिए 20 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि देने का भी ऐलान किया गया। इस क्रिकेट टूर्नामेंट में हरियाणा बीज विकास निगम की कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं। कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन देव कुमार शर्मा, प्रबंध निदेशक अश्विनी गर्ग एवं संजीव गंगवा को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुभाष शर्मा सहित निगम के अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।