नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सिरसा पुलिस नशा तस्करों के मंसूबो को कर रही है ध्वस्त :-एसपी
जिला पत्रकार रितेश गर्ग
(सिरसा हरियाणा):- सिरसा । जिला सिरसा में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में बीते पांच माह के दौरान नशा तस्करों, अवैध हथियार सप्लाई करने वालों तथा जुआ खेलने वालों एवं अन्य गैर कानूनी धंधे करने वाले लोगों के खिलाफ सिरसा पुलिस ताबड़-तोड़ कार्रवाई कर अपराधिक किस्म के लोगों को जेल की सलाखों के पीछे भेज रही है । पुलिस अधीक्षक सिरसा ने बीती 24 अक्टूबर 2025 को कार्यभार संभालने के उपरांत सिरसा जिला में अपराध पर अंकुश लगाने और विशेष रूप से नशा तस्करी के विरूध ताबड़तोड़ कार्रवाई की है,जिसके काफी सार्थक परिणाम सामने आए हैं। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत बीते पांच माह की अवधि में 222 मामले दर्ज किए गए तथा 378 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीमों द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 474 ग्राम हेरोइन, 9 किलो अफीम, 322 किलो 552 ग्राम डोडा चूरापोस्त तथा 40 किलो 924 ग्राम गांजा पत्ती, 13 ग्राम 123 मिलीग्राम कोकीन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थों की कीमत करोड़ों रुपये में आंकी गई है। इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है तथा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगा है। इसी प्रकार शराब तस्करों एवं खुर्दा संचालकों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 41 मामले दर्ज कर 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 1960 बोतल देसी शराब,423 लीटर अवैध लाहन तथा 1260 बोतल बीयर बरामद की गई। जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के विरुध विशेष पखवाड़ा अभियान चलाया गया, जिसके तहत 29 मामले दर्ज कर 31 आरोपियों को काबू किया गया। उनके कब्जे से 29 अवैध पिस्तौल, 47 जिंदा कारतूस तथा 2 मैगजीन बरामद कर संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से जिले में आपराधिक घटनाओं पर रोकथाम में मदद मिली है।सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों के विरुध भी विशेष अभियान चलाते हुए जुआ अधिनियम के तहत 17 मामले दर्ज किए गए तथा 85 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 25 लाख 50 हजार 850 रुपये नगद बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त सिरसा पुलिस ने बीते पांच माह में 2 आपराधिक गैंगों का पर्दाफाश करते हुए 10 ईनामी बदमाशों सहित कुल 88 भगोड़ों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की चल एवं अचल संपत्ति बरामद की गई। अपराधियों के नेक्सस को तोड़ना पुलिस की पहली प्राथमिकता रही है,और इस दिशा में सिरसा पुलिस द्वारा लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना निसंकोच पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सिरसा में नशा तस्करों को पांव नहीं पसारने दिए जाएंगे और अपराधियों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है। अपराधी चाहे कहीं भी छिप जाएं, पुलिस उन्हें ढूंढकर कानून के शिकंजे में लाएगी।उन्होंने युवाओं से विशेष आह्वान किया कि वे नशे जैसे पथभ्रष्ट मार्ग से दूर रहकर शिक्षा एवं खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और अपने परिवार तथा देश का नाम रोशन करें। साथ ही, नशा पीड़ित व्यक्तियों के उपचार हेतु स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पुनर्वास प्रयास भी जारी हैं, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।जिला सिरसा पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। यह मुहिम न केवल कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि आमजन के मन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना भी मजबूत कर रही है। पुलिस का संकल्प है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा ।