सम्मान और समर्पण की मिसाल: नि. राजकुमार व उप निरीक्षक प्रकाश चन्द को दी गई गरिमामयी विदाई,पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक डबवाली ने दी शुभकामनाएं
जिला पत्रकार रितेश गर्ग
(सिरसा हरियाणा):-डबवाली । पुलिस अधीक्षक कार्यालय डबवाली में पुलिस विभाग के दो समर्पित अधिकारियों यातायात प्रभारी डबवाली निरीक्षक (नि.) राजकुमार एवं अकाउंट ब्रांच इंचार्ज डबवाली उप निरीक्षक प्रकाश चन्द के सम्मान में एक गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया । इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस ने शिरकत कर सेवानिवृत्त अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी । सेवानिवृत्ति पाने वाले नि. राजकुमार व उप नि. प्रकाश चन्द के परिजन भी विदाई समारोह में शामिल हुए ।
समारोह के दौरान दोनों अधिकारियों को उनके दीर्घकालीन, उत्कृष्ट एवं निष्कलंक सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया । उनके परिजनों की उपस्थिति ने इस अवसर को और भी भावुक एवं यादगार बना दिया ।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर ने कहा कि “पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक समर्पण है, जिसे इन अधिकारियों ने पूरे जीवन ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और साहस के साथ निभाया है।”
उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों का योगदान पुलिस विभाग के लिए अमूल्य है और उनकी सेवाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी ।
पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की । साथ ही आश्वस्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा रहेंगे और किसी भी आवश्यकता की स्थिति में विभाग हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
अंत में पुलिस विभाग की ओर से दोनों अधिकारियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समाज सेवा के प्रति समर्पण के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया ।